अबू धाबी टेस्ट का तीसरा दिन बांग्लादेश के 26 वर्षीय तेज़ गेंदबाज़ हसन महमूद के नाम रहा। अफ़ग़ानी बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ रविवार को उन्होंने एक के बाद एक तीन गेंदों पर विकेट निकाले। बांग्लादेश के किसी तेज़ गेंदबाज़ ने टेस्ट में पहली बार यह कारनामा किया है।
कुल मिलाकर हसन बांग्लादेश के तीसरे गेंदबाज़ हैं जिन्होंने टेस्ट में हैट्रिक ली है। उनसे पहले यह उपलब्धि दो स्पिनरों के नाम थी। आलोक कपाली ने 2003 में पेशावर में पाकिस्तान के ख़िलाफ़ और सोहाग ग़ाज़ी ने 2013 में चट्टोग्राम में न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ यह कारनामा किया था।
यह हैट्रिक 83वें ओवर में आई। पहले इस्मत आलम बोल्ड हुए, फिर अगली गेंद पर क़ैस अहमद ने लिटन दास को कैच थमा दिया। उसके बाद की गेंद पर ज़िया-उर-रहमान के ख़िलाफ़ एलबीडब्ल्यू के लिए बांग्लादेश ने रिव्यू लिया। रीप्ले में गेंद ऑफ़ स्टंप पर लगती दिखी और हसन की हैट्रिक पूरी हो गई।
स्कोरबोर्ड पर भी इसका असर साफ़ दिखा। बांग्लादेश के 346 रन के जवाब में अफ़ग़ानिस्तान की टीम 240 पर सिमट गई, और बांग्लादेश को पहली पारी में 106 रन की बढ़त मिली। पूरी पारी में हसन के खाते में पाँच विकेट आए, जिनके लिए उन्होंने 55 रन ख़र्च किए।
दोनों टीमों के बीच यह इकलौता टेस्ट है। ऐसे में पहली पारी की यह बढ़त बांग्लादेश के लिए बड़ी पूँजी है।
स्रोत: आज तक



